कवर्धा में अधेड़ की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, महिला दुकानदार पर हत्या का आरोप; थाने में परिजनों का हंगामा

कवर्धा 16नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया। मिनीमाता चौक में हुई इस घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने एक महिला दुकानदार पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

दुकान में सामान खरीदने के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, ग्राम रेंगाखार निवासी शिव कुमार वाचकर किसी काम से कवर्धा आया था। इस दौरान वह मिनीमाता चौक स्थित एक दुकान पर सामान खरीदने पहुंचा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी दुकान संचालक महिला से कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला ने प्लास्टिक की कुर्सी से उस पर हमला कर दिया। कुछ देर बाद शिव कुमार अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

महिला हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर महिला दुकानदार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल अधेड़ की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अभी महिला दुकानदार पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *