चक्रवात ‘अर्णब’ का ओडिशा में कहर, खतरे के निशान से ऊपर बह रही वंशधारा नदी; कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

उड़ीसा 29 अक्टूबर 2026 | भुवनेश्वर। चक्रवात ‘अर्णब’ के प्रभाव से ओडिशा के गजपति जिले में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें क्षतिग्रस्त होने और पेड़ उखड़ने की घटनाएं सामने आई हैं। वंशधारा नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है, जबकि महेंद्रतनया नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे लोगों की आवाजाही और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

गजपति जिले के काशीनगर में गुरुवार सुबह 7 बजे वंशधारा नदी का जलस्तर 55.58 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 54.60 मीटर है। यानी नदी खतरे के निशान से 98 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। स्थिति को देखते हुए आंध्र प्रदेश के गोटा बैराज में सायरन बजाकर बाढ़ की पहली चेतावनी जारी की गई। बैराज के सभी 22 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। हालांकि, जलस्तर में कुछ गिरावट के संकेत मिले हैं, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।

दूसरी ओर, महेंद्रतनया नदी का जलस्तर बढ़ने से गजपति जिले के गोसाणी और रायगढ़ ब्लॉक के कई गांव प्रभावित हुए हैं। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में मिट्टी खिसकने और सड़कों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, गजपति जिले में मोहना में सबसे अधिक 307.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रायगढ़ में 224 मिलीमीटर, आर. उदयगिरि में 175.1 मिलीमीटर, नुआगड़ में 163.6 मिलीमीटर, गोसाणी में 151 मिलीमीटर, गुम्मा में 150 मिलीमीटर, पारलाखेमुंडी में 106.4 मिलीमीटर और काशीनगर में 79.5 मिलीमीटर बारिश हुई।

प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। लोगों से जलभराव वाली सड़कों को पार नहीं करने और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है। लगातार बारिश के बीच जिले में बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *