8 घंटे की पूछताछ में सामने आई वारदात की पूरी कहानी, 6 नवंबर को हुई थी 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या
भोपाल10नवंबर2026/ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 6 नवंबर 2026 को हुई इस वारदात में पुलिस ने मृतका की 45 वर्षीय पड़ोसन रेखा उर्फ रीता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला 500 रुपये मांगने के बहाने कलरी देवी के घर पहुंची थी। पैसे देने से इनकार करने पर उसने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी और सोने के जेवरात, नकदी के साथ सोने का दांत भी लूट लिया। करीब 8 घंटे की पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
500 रुपये के विवाद में बुजुर्ग की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी रेखा बुजुर्ग महिला के घर 500 रुपये मांगने पहुंची थी। रुपये नहीं मिलने पर उसने महिला के साथ मारपीट की और उनके जेवर लूटने लगी। इसी दौरान उसकी नजर कलरी देवी के सोने के दांत पर पड़ी। आरोप है कि सोने का दांत निकालने के लिए उसने महिला के मुंह पर कई वार किए। विरोध करने पर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
चप्पल और सीसीटीवी से खुला हत्याकांड का राज
इस मामले में पुलिस को आरोपी तक पहुंचाने में सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी घर से निकलने की कोशिश कर रही थी, लेकिन किसी की आहट सुनकर वापस अंदर चली गई। बाद में मुंह ढककर बाहर निकली। सीसीटीवी कैमरों में उसकी चाल और चप्पल कैद हो गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की।
8 घंटे की पूछताछ के बाद कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में आरोपी लगातार पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार नहीं कर रही थी। बाद में एसीपी अनिल बाजपेयी ने उससे पूछताछ की। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि एसीपी के चेहरे में उसे साईं बाबा दिखाई दे रहे हैं और वह कलरी देवी की हत्या का सच बताना चाहती है। इसके बाद उसने वारदात से जुड़ी जानकारी दी।
जेवर, नकदी और चप्पल बरामद
डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता के मुताबिक, शाहजहांनाबाद पुलिस ने रेखा को हत्या और लूट के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूटे गए जेवर, नकदी और चप्पल बरामद की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुकी है।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।