राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मांझी-चालकियों के साथ किया पारंपरिक भोज, बस्तर की संस्कृति से हुआ आत्मीय संवाद

जगदलपुर, 23 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के बस्तर प्रवास के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपरा और आत्मीयता की अनूठी झलक देखने को मिली। लालबाग मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करने के बाद राष्ट्रपति ने बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग मांझी-चालकी और मेंबर-मेंबरिन के साथ दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने उनके साथ बैठकर सहजता से संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना।

राष्ट्रपति के सम्मान में आयोजित इस विशेष भोज में बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था की झलक दिखाई दी। मांझी-चालकी और मेंबर-मेंबरिन बस्तर की ऐतिहासिक परंपराओं के महत्वपूर्ण संवाहक हैं। उनके साथ राष्ट्रपति की यह मुलाकात स्थानीय परंपराओं के प्रति सम्मान और जनजातीय समाज से जुड़ाव का विशेष अवसर बनी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और महापौर संजय पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके अलावा पारंपरिक मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरिन, नाइक-पाइक, बस्तर दशहरा समिति के सदस्य और बस्तर पंडुम के विजेता प्रतिभागियों ने भी सहभागिता की।

राष्ट्रपति का मांझी-चालकियों और पारंपरिक प्रतिनिधियों के साथ यह आत्मीय भोज बस्तर की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक परंपराओं और जनजातीय विरासत के महत्व को रेखांकित करने वाला अवसर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *