बस्तर के मांझी-चालकियों को बड़ी सौगात, मांझी का मानदेय ₹5,000 और चालकी का ₹3,500 हुआ

जगदलपुर, 23 अक्टूबर 2026। बस्तर की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था को सम्मान देने की दिशा में राज्य शासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर बस्तर संभाग के पारंपरिक सामाजिक प्रमुखों मांझी और चालकी के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। अब मांझी को 2,000 रुपये के स्थान पर 5,000 रुपये और चालकी को 1,500 रुपये के स्थान पर 3,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।

इस फैसले की घोषणा जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित विशाल आमसभा में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने की। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मानदेय भुगतान के लिए 38.52 लाख रुपये स्वीकृत

शासन ने घोषणा के क्रियान्वयन के लिए भी कदम उठाए हैं। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में मानदेय और सम्मान राशि के लिए कुल 38 लाख 52 हजार रुपये के आबंटन एवं व्यय की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी की है।

जारी आदेश के अनुसार अप्रैल से सितंबर 2026 तक की अवधि के भुगतान के साथ अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक बढ़ी हुई दरों पर मानदेय देने की व्यवस्था की गई है।

पारंपरिक नेतृत्व को सम्मान देने की पहल

आमसभा में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के मान-सम्मान और उसकी गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। बस्तर की सामाजिक व्यवस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के सफल संचालन में मांझी और चालकी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

मानदेय में यह वृद्धि बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था से जुड़े नेतृत्वकर्ताओं को आर्थिक संबल देने के साथ उनकी भूमिका और योगदान को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *