सड़क पर गाड़ी रोककर केक काटा, फिर हुई आतिशबाजी… नायब तहसीलदार का वीडियो वायरल, उठे सवाल

रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में नायब तहसीलदार विपिन पटेल का सड़क पर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में गाड़ी की डिक्की से केक निकालकर जन्मदिन मनाते और इसके बाद आतिशबाजी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक सड़क पर इस तरह जश्न मनाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

डिक्की से निकला केक, बजा फिल्मी गाना

वायरल वीडियो में नायब तहसीलदार विपिन पटेल एक गाड़ी के पास खड़े नजर आते हैं। गाड़ी की डिक्की खोली जाती है, जिसमें से केक निकलता है। इसके बाद केक काटकर जन्मदिन मनाया जाता है। इस दौरान बॉलीवुड फिल्म का लोकप्रिय गाना ‘ओ ओ जाने जाना’ बजता सुनाई देता है। वीडियो में आतिशबाजी भी होती दिखाई दे रही है।

सड़क पर जश्न को लेकर उठे सवाल

सरकारी पद पर कार्यरत अधिकारी से जुड़े इस वीडियो के सामने आने के बाद सड़क पर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सार्वजनिक सड़कों पर ऐसे आयोजनों के दौरान यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका रहती है।

हालांकि, वीडियो किस तारीख का है और इस दौरान यातायात बाधित हुआ था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई की पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि वायरल वीडियो को लेकर संबंधित अधिकारी या प्रशासन क्या रुख अपनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *