घर से शुरू किया मशरूम उत्पादन का काम, अब 700 पैकेट तक पहुंचा कारोबार; कौशल्या सेठिया बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल

बिहान योजना और स्व-सहायता समूह के सहयोग से बदली जिंदगी, एक लाख रुपये के ऋण से बढ़ाया व्यवसाय; बस्तर से दंतेवाड़ा तक पहुंच रहा मशरूम

जगदलपुर, 18 नवंबर 2026। बस्तर की ग्रामीण महिलाएं अब अपनी मेहनत और हुनर से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी जनपद पंचायत बास्तानार के ग्राम पंचायत कोड़ेनार की कौशल्या सेठिया की है, जिन्होंने घर से मशरूम उत्पादन का छोटा-सा काम शुरू कर आज इसे एक सफल आजीविका गतिविधि का रूप दे दिया है। स्व-सहायता समूह से जुड़ाव, प्रशिक्षण, बैंक ऋण और बिहान योजना के सहयोग ने उनके इस सफर को नई दिशा दी। आज उनका मशरूम उत्पादन 700 पैकेट तक पहुंच चुका है और उनके उत्पाद बस्तर से लेकर दंतेवाड़ा के बाजारों तक पहुंच रहे हैं।

समूह से जुड़कर सीखा मशरूम उत्पादन का हुनर

कौशल्या सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण मिला। प्रशिक्षण के दौरान सीखे हुनर को उन्होंने अपनी आमदनी का जरिया बनाने का फैसला किया। इसी सोच के साथ वर्ष 2024 में उन्होंने अपने घर से ही मशरूम उत्पादन की शुरुआत की।

शुरुआत भले ही छोटे स्तर पर हुई, लेकिन उनके हौसले और मेहनत ने इस काम को आगे बढ़ाया। स्व-सहायता समूह के माध्यम से मिली सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) और बैंक लिंकेज की राशि ने उनके उद्यम को विस्तार देने में अहम भूमिका निभाई।

एक लाख रुपये के ऋण से बढ़ा कारोबार

अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए कौशल्या ने वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपये का स्वयं सिद्धा ऋण लिया। इस राशि का उपयोग उन्होंने मशरूम उत्पादन की क्षमता बढ़ाने में किया। इसका परिणाम है कि आज उनका उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गया है।

प्रत्येक पैकेट तैयार करने में लगभग 150 रुपये की लागत आती है, जबकि उत्पादित मशरूम का विक्रय करीब 400 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से किया जा रहा है। उनके मशरूम की मांग स्थानीय बाजारों में भी बन रही है। वे बास्तानार और जगदलपुर के साथ दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी अपने उत्पाद बेच रही हैं।

अब दूसरी महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

कौशल्या सेठिया की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सही प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग और दृढ़ इच्छाशक्ति से ग्रामीण महिलाएं भी अपने घर से स्वरोजगार का सफल उद्यम खड़ा कर सकती हैं। कभी परिवार की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया गया उनका प्रयास आज आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह बन चुका है।

उनकी उपलब्धि से गांव की अन्य महिलाएं भी मशरूम उत्पादन और दूसरी आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रही हैं। बिहान योजना के सहयोग से कौशल्या की यह कहानी बस्तर में महिला उद्यमिता और ग्रामीण आत्मनिर्भरता की एक नई तस्वीर पेश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *