ज्वेलर्स चोरीकांड में बड़ा खुलासा, 4 संदिग्ध हिरासत में; 1.80 करोड़ के जेवर चोरी मामले में महिला-पुरुष और दो नाबालिग पकड़े गए

सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के नंबर से पुलिस आरोपियों तक पहुंची, चोरी के कुछ आभूषण बरामद; गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

जगदलपुर 11नवंबर2026/छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दीपावली से ठीक एक दिन पहले संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला, एक पुरुष और दो नाबालिगों समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनके पास से चोरी के कुछ सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदात में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर को कुछ महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर मोती ज्वेलर्स पहुंची थीं। उन्होंने दुकानदार से आभूषण दिखाने को कहा और बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान समूह की एक महिला ने मौका पाकर सोने के जेवरों से भरा डिब्बा अपने झोले में रख लिया। इसके बाद सभी दुकान से निकल गए।

करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण हुए थे चोरी

दुकान से चोरी हुए डिब्बे में लगभग 1200 ग्राम सोने के आभूषण रखे थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख से 1 करोड़ 80 लाख रुपये के बीच बताई गई है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

घटना की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्धों के एक वाहन से जाते हुए दिखाई देने पर पुलिस को अहम सुराग मिला। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

रायकोट में दबिश देकर चार को हिरासत में लिया

वाहन की पहचान के आधार पर पुलिस टीम ने रायकोट इलाके में दबिश दी। यहां से एक महिला, एक पुरुष और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान इनके पास से चोरी के कुछ सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष आभूषणों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बस्तर एएसपी सुखनंदन सिंह राठौर के मुताबिक, मोती ज्वेलर्स चोरी मामले में अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनके पास से चोरी के कुछ आभूषण बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *