गले में मांदर, कदमों में जनजातीय संस्कृति का उत्साह… CM साय ने ग्रामीणों के साथ किया पारंपरिक नृत्य

जशपुर में करम परब महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, सामाजिक भवन के लिए 50 लाख और मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा

जशपुर 5नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय परंपराओं की झलक उस समय देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड स्थित ग्राम बनगांव में आयोजित आंचलिक करम पूजा महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गले में मांदर लटकाकर न केवल पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाया, बल्कि नर्तक दलों के साथ कदम मिलाकर जनजातीय लोकनृत्य में भी हिस्सा लिया। उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी इस आयोजन में मौजूद रहीं।

छह हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक नृत्य

करम परब के इस आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे उरांव समाज के छह हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक रूप से पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि करम परब केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, प्रकृति के प्रति सम्मान और पूर्वजों की परंपराओं का प्रतीक है।

विकास कार्यों के लिए की घोषणाएं

महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने ग्राम बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, अखड़ा और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा सहसपुर में मिनी स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।

जनजातीय वीरों के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रानी दुर्गावती, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर, गेंद सिंह और वीर बुधु भगत जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया। उन्होंने उरांव समाज की ऐतिहासिक वीरता का उल्लेख करते हुए रोहतासगढ़ की घटना और महिलाओं की साहसिक जनी शिकार परंपरा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह परंपरा उरांव समाज की महिलाओं के शौर्य और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है तथा प्रत्येक 12 वर्ष में आयोजित होती है।

योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त के रूप में 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, धान खरीदी और भूमिहीन कृषि मजदूरों को दी जा रही आर्थिक सहायता की जानकारी भी साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ अपनी भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक पर्वों से जुड़ाव बनाए रखना जरूरी है। युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों को पहचानेगी, तभी जनजातीय विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *