बस्तर ओलंपिक के मंच से सांसद महेश कश्यप ने सौंपी वाहनों की चाबियां, गांवों में परिवहन सुविधा के साथ महिलाओं के लिए खुलेंगे कमाई के नए रास्ते
जगदलपुर, 5 नवंबर 2026। बस्तर की ग्रामीण महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बकावंड विकासखंड के चार महिला संकुल संगठनों को मालवाहक और सवारी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। अब महिला समूह इन वाहनों का संचालन कर परिवहन व्यवसाय से जुड़ेंगी और नियमित आय अर्जित कर सकेंगी।
बुधवार को विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक के आयोजन के दौरान आयोजित समारोह में क्षेत्रीय सांसद महेश कश्यप ने महिला समूहों की प्रतिनिधियों को वाहनों की चाबियां सौंपीं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर देने के साथ दूरस्थ गांवों में परिवहन सुविधाओं को मजबूत करना है।
चार महिला संगठनों को मिली जिम्मेदारी
योजना के तहत बकावंड विकासखंड के बलिदान महिला क्लस्टर संगठन, रोशनी महिला क्लस्टर संगठन, तिरंगा महिला क्लस्टर संगठन और जागृति आजीविका महिला क्लस्टर संगठन को वाहन प्रदान किए गए हैं।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बिहान से जुड़ी महिलाएं अब केवल घरेलू और समूह आधारित गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वाहन मालिक बनकर परिवहन व्यवसाय का संचालन करने जा रही हैं। यह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
गांव से बाजार तक आसान होगी पहुंच
आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के तहत उपलब्ध कराए गए वाहनों से ग्रामीणों को गांव से हाट-बाजार, विकासखंड और जिला मुख्यालय तक सुलभ एवं किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी। वहीं महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों, वनोपज और कृषि सामग्री को दूरस्थ बाजारों तक पहुंचाना भी आसान होगा।
इससे एक ओर ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर महिला क्लस्टर संगठनों के लिए आय का नया स्रोत विकसित होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं खेल व युवा कल्याण सभापति बनवासी मौर्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, उपाध्यक्ष तरुण पांडे, जनपद सीईओ श्वेता साहू सहित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।