शिव वन वाटिका में ट्री हाउस और बच्चों के प्ले एरिया की योजना, खेल मैदान में खिलाड़ियों को मिलेंगी जरूरी सुविधाएं
सूरजपुर, 31 अक्टूबर 2026। सूरजपुर शहर को अधिक सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। इसी कड़ी में कलेक्टर रेना जमील और वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने शनिवार को नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई, रखरखाव और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिव वन वाटिका का अवलोकन किया। यहां ट्री हाउस बनाने, बच्चों के लिए प्ले एरिया विकसित करने और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कैंटीन संचालित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। वाटिका को आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद कलेक्टर शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय के खेल मैदान पहुंचीं। यहां खिलाड़ियों ने शौचालय, चेंजिंग रूम और वॉशरूम जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जुड़ी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने उनकी समस्याएं सुनते हुए इन सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कलेक्टर ने गढ़कलेवा के संचालन की जानकारी लेकर इसे बेहतर और व्यवस्थित ढंग से चलाने के निर्देश दिए। वहीं कृष्ण कुंज के रखरखाव, साफ-सफाई और संरक्षण पर भी जोर दिया।
दुलही तालाब के निरीक्षण के दौरान परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थलों का बेहतर रखरखाव करते हुए नागरिकों के लिए स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, नगरपालिका उपाध्यक्ष शैलेष अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।