कलेक्टर और वनमंडलाधिकारी ने अग्रसेन स्टेडियम का किया निरीक्षण, विभागीय स्टॉल से लेकर पार्किंग तक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
सूरजपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए कलेक्टर रेना जमील एवं वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच निर्माण, साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने इन स्टॉलों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्हें व्यवस्थित और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।