नई दिल्ली, 19 अक्टूबर 2026। दिल्ली के जैतपुर इलाके में खाने के पैसे को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक ठेला संचालक ने मजदूर की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से उसकी पहचान हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 36 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है, जो दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के शक्ति विहार इलाके में किराये पर रहता था। वह अक्सर संदीप राम के ठेले पर खाना खाने जाता था। आरोप है कि वह खाने के पैसे नहीं देता था और पैसे मांगने पर गाली-गलौज करता था।
विवाद के बाद चाकू से किया हमला
घटना 15 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। खाने के पैसों को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में आए ठेला संचालक संदीप राम ने ठेले से चाकू निकाला और गमछे से मजदूर की गर्दन पकड़कर उसका गला रेत दिया। इस हमले में संदीप कुमार की मौत हो गई।
हत्या के बाद फिर लगाने लगा ठेला
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जसोला स्थित अपने भाई के घर चला गया। अगले दिन वह सामान्य तरीके से दोबारा अपना ठेला लगाने पहुंच गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। इसी बीच 16 अक्टूबर की सुबह पुलिस को मीठापुर इलाके में एक बंद दुकान के अंदर शव पड़े होने की सूचना मिली। मृतक की पहचान उसके पिता राज कुमार ने की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे शनिवार को उसके ठेले से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, गमछा और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।