दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार की पीट-पीटकर हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार; मॉब लिंचिंग की धारा में केस

नई दिल्ली: 8सितंबर 2026/दिल्ली के आश्रम इलाके में मणिपुर के रहने वाले संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में 7 वयस्कों और एक नाबालिग समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी अलग-अलग ढाबों और फूड स्टॉल पर काम करते हैं। मामले की जांच जारी है और दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2) के तहत मॉब लिंचिंग का मामला दर्ज किया है।

शोर कम करने की बात पर विवाद, फिर हमला

रिपोर्ट के मुताबिक, विक्रम सिंह अपने घर के बाहर हो रहे शोर और हंगामे की आवाज सुनकर बाहर आए थे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से शोर कम करने को कहा। इसी दौरान कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू हो गई।

सिंह के बेटे याइफाबा के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे उन्होंने अपने पिता के चीखने की आवाज सुनी। बाहर निकलने पर उन्होंने 4-5 लोगों को उनके पिता पर लात-घूंसों से हमला करते देखा। रोकने की कोशिश करने पर आरोपी वहां से भाग गए।

गंभीर रूप से घायल सिंह को उनके बेटे और पत्नी टैक्सी से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स भेजा गया है।

परिवार का आरोप—पहले भी दी गई थी धमकी

पुलिस को दी गई शिकायत में याइफाबा ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय उनके पिता ने कहा था कि पास के एक ढाबे से जुड़े लोगों ने उन पर हमला किया। शिकायत के अनुसार, शोर को लेकर पहले भी सिंह को कुछ लोगों ने धमकी दी थी।

संगीत की दुनिया से जुड़े थे विक्रम सिंह

इंफाल के रहने वाले चोंगथम विक्रम सिंह गिटारिस्ट और संगीतकार थे। वह कई रॉक बैंड्स से जुड़े रहे थे और लंबे समय तक संगीत प्रस्तुत करने के साथ-साथ संगीत शिक्षक के तौर पर भी काम करते थे।

मणिपुर के नेताओं ने जताया दुख

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता एन. बीरेन सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए दिल्ली पुलिस से मामले की तेजी से और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी ने भी सिंह की मौत पर शोक जताया और उन्हें सम्मानित मणिपुरी संगीतकार बताया।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे महज शराब के नशे में हुई हिंसा की घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

फिलहाल पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हमले की पूरी परिस्थितियों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *