धमतरी30जून2026 छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ युवक एक युवक को चप्पलों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, पीड़ित से जबरन “बाप बोल” कहलवाया गया और चप्पल पर थूकवाकर उसकी पिटाई की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
यह मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ग्राम खरतुली का रहने वाला है, जबकि मुख्य आरोपी की पहचान ग्राम लोहरसी निवासी खिलावन साहू के रूप में हुई है। वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
सूचना मिलने पर डायल-112 और अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बांध रखा था। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी बदमाश प्रवृत्ति का है और युवकों के साथ मारपीट कर उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करता है। लोगों का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने से पहले उसकी पिटाई भी की।
यह घटना केवल मारपीट तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर हिंसा का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की मानसिकता को भी उजागर करती है। इस मामले ने कानून-व्यवस्था और नशे से जुड़े अपराधों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का मानना है कि यदि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
धमतरी में युवक से बर्बरता, चप्पलों से पीटकर बनाया VIDEO