15 महीने से स्कूल से गायब शिक्षक का घर में मिला शव, सिर पर चोट के निशान; मौत हादसा या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस

कांकेर/भानुप्रतापपुर, 16 नवंबर 2026। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चौगेल में एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शिक्षक बीरेंद्र गोटे (48) का शव उनके घर के अंदर मिला। शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद किराएदार ने पुलिस को सूचना दी।

शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। मृतक के सिर पर चोट के निशान और नाक से खून निकलने के प्रमाण मिले हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार सिर की चोट गिरने से भी हो सकती है। इसलिए मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

दरवाजा बंद था, अंदर मिला शव

जानकारी के अनुसार शनिवार को मकान से दुर्गंध आने पर किराएदार भुवन कुलदीप को अनहोनी की आशंका हुई। पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजे के एक पल्ले में अंदर से सिटकनी लगी थी, जबकि दूसरा पल्ला खुला था। अंदर कमरे में शिक्षक का शव पड़ा मिला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों को सूचना देने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।

15 महीने से स्कूल नहीं जा रहे थे शिक्षक

बीरेंद्र गोटे दुर्गुकोंदल विकासखंड के कोड़ेकुर्से माध्यमिक शाला में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। विभागीय जानकारी के मुताबिक वे 10 अगस्त 2025 से लगातार स्कूल से अनुपस्थित चल रहे थे। इससे पहले भी उन्हें निलंबित किया गया था। शाला प्रवेशोत्सव के दौरान नशे की हालत में होने की शिकायत पर उन्हें नोटिस जारी किए जाने की बात भी सामने आई है। लगातार अनुपस्थिति के कारण उनका वेतन भी रोका गया था।

पत्नी से करीब पांच साल से अलग रह रहे थे

मृतक के भाई के मुताबिक बीरेंद्र गोटे पिछले करीब 10-12 वर्षों से भानुप्रतापपुर में रह रहे थे। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते दोनों करीब पांच साल से अलग रह रहे थे। उनका 10 वर्षीय बेटा अपनी मां के साथ रहता है।

मोबाइल भी नहीं मिला

जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन घर से नहीं मिलने की बात सामने आई है। इससे पुलिस की जांच में एक और बिंदु जुड़ गया है। पुलिस हादसे समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार शव से काफी दुर्गंध आ रही थी, जिससे शव करीब तीन दिन पुराना होने का अनुमान है। शरीर में शराब के अंश भी मिले हैं। सिर पर हल्की चोट और नाक से खून निकलने के निशान पाए गए हैं। डॉक्टर ने बताया कि चोट गिरने से भी हो सकती है।

फिलहाल शिक्षक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *