15 नवंबर से बस्तर में शुरू होगी धान खरीदी, 88 केंद्रों पर होगी व्यवस्था; 51 हजार से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन

किसान-तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे मिलेगा 70 प्रतिशत टोकन, 9 नए खरीदी केंद्र भी बनाए गए

जगदलपुर, 10 नवंबर 2026। बस्तर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान 15 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 88 उपार्जन केंद्रों में 15 जनवरी तक धान की खरीदी की जाएगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 9 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 51,068 किसानों ने 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन कराया है। धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन वितरण भी शुरू कर दिया गया है।

70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन, 30 प्रतिशत केंद्रों से

नई व्यवस्था के तहत कुल टोकनों में से 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन उपार्जन केंद्रों और समितियों के माध्यम से मिलेंगे। इससे किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। वहीं, रकबे के आधार पर सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो और दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी करने की पात्रता निर्धारित की गई है।

टोकन के लिए इन नियमों का रखना होगा ध्यान

किसान-तुंहर टोकन ऐप पर पंजीयन की सुविधा रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। हालांकि, शनिवार, रविवार और अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में धान की तौल नहीं होगी। टोकन जारी होने के उसी दिन को तौल की तारीख के रूप में चुनने की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा केवल उन्हीं किसानों को टोकन जारी किए जाएंगे, जिनके बैंक खाते और ऋण खाते सत्यापित होंगे। टोकन में प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के निर्धारित अनुपात में प्रविष्टि दर्ज करना भी अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त करने और निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *