रायपुर, 10 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21 तीर्थयात्रियों का दल मंगलवार को धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर से जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को रवाना किया और उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
यात्रा के दौरान तीर्थयात्री माता वैष्णो देवी मंदिर और स्वर्ण मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही दल को वाघा बॉर्डर का भ्रमण भी कराया जाएगा। रवाना होने से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से वरिष्ठ एवं पात्र नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। योजना के तहत तीर्थयात्रा पर रवाना हुए यात्रियों ने धार्मिक स्थलों के दर्शन की अपनी लंबे समय से चली आ रही अभिलाषा पूरी होने पर खुशी जताई।