नूडल्स और खाद्य सामग्री के बीच छिपाए थे गांजे के 9 पैकेट, आरोपी एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार
पुणे6नवंबर2026/ महाराष्ट्र के पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.642 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 3.72 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में बैंकॉक से पहुंचे एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया गया है।
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, यात्री के चेक-इन बैग की जांच के दौरान गांजे की खेप बरामद हुई। तस्करी के लिए इसे बेहद चालाकी से नौ वैक्यूम सीलबंद पैकेटों में रखा गया था। पैकेटों पर ‘फ्रीज ड्राइड मंथोंग ड्यूरियन’ का लेबल लगाया गया था और इन्हें नूडल्स सहित अन्य खाद्य सामग्री के बीच छिपाया गया था।
कार्रवाई के बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। उसे 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कस्टम विभाग अब इस मामले में अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रहा है।