जगदलपुर29जून2026/ बस्तर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बोधघाट थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जगदलपुर बस स्टैंड से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुर की ओर गांजा ले जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल-सफेद रंग के बैग में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बस स्टैंड में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 8.08 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.04 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा आरोपी के पास से 700 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुकड़ा धुरवा निवासी जिला कोरापुट (ओडिशा) बताया। पुलिस द्वारा गांजा रखने और परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बस स्टैंड से 4 लाख का गांजा बरामद, रायपुर ले जाने की फिराक में तस्कर गिरफ्तार