तीन बैग में भरकर ले जा रहा था नकदी, पैसों के स्रोत और ठिकाने का खुलासा नहीं कर सका आरोपी
खड़गपुर। 5नवंबर 2026/पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने एक यात्री के पास से 1 करोड़ 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुलिस ने नकदी जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया है और अब पैसों के स्रोत की पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर GRP की टीम नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस को अपनी ओर आता देख युवक ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।
तीन बैग की तलाशी में मिले करोड़ों रुपये
पुलिस ने युवक के पास मौजूद दो हैंडबैग और एक अन्य बैग की तलाशी ली। जांच के दौरान तीनों बैग से भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद हुई। नकदी की गिनती करने पर कुल रकम 1 करोड़ 40 लाख रुपये निकली।
नकदी के दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राहुल सोनी (36) निवासी 120, जीटी रोड, हावड़ा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह टाटानगर से हावड़ा जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसके वैध दस्तावेज क्या हैं, इस संबंध में वह पुलिस को संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।
इसके बाद GRP ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरी नकदी जब्त कर ली। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। मामले की जांच जारी है।