बस्तर में दिव्यांग बच्चों के लिए बड़ी पहल, 136 विद्यार्थियों को मिलेंगे सहायक उपकरण

दो दिवसीय शिविरों में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण और चिन्हांकन, सिंगल विंडो व्यवस्था से एक ही परिसर में बने प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड

जगदलपुर, 5 नवंबर 2026। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बस्तर जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। समग्र शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय आकलन एवं मूल्यांकन शिविरों में कुल 136 दिव्यांग छात्र-छात्राओं को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया गया है। चयनित बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण दिए जाएंगे।

कलेक्टर आशीष छिकारा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया।

दो दिनों में 136 बच्चों का हुआ चिन्हांकन

अभियान के तहत 3 नवंबर को जगदलपुर में शिविर आयोजित किया गया था। इसमें जगदलपुर और लोहंडीगुड़ा विकासखंड के 62 दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया।

वहीं, 4 नवंबर को बीआरसी कार्यालय बस्तर में बस्तर और बकावंड विकासखंड के बच्चों के लिए शिविर लगाया गया। यहां कुल 126 विद्यार्थियों का पंजीयन और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों की जांच के बाद इनमें से 74 बच्चों को सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। इस तरह दोनों शिविरों में कुल 136 बच्चों का चिन्हांकन पूरा हुआ।

एक ही जगह पूरी हुई प्रमाण पत्र और यूडीआईडी की प्रक्रिया

शिविर की खास बात सिंगल विंडो व्यवस्था रही। इसके तहत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने और यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया एक ही परिसर में पूरी की गई। इससे अभिभावकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। प्रशासन की इस व्यवस्था से बच्चों और उनके पालकों को काफी सहूलियत मिली।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में जिला चिकित्सालय के मेडिकल बोर्ड के अस्थि रोग, ईएनटी, शिशु रोग, मनोरोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों के साथ ऑडियोलॉजिस्ट ने भी अपनी सेवाएं दीं। वहीं समाज कल्याण विभाग की टीम ने प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराईं।

अब चयनित बच्चों को दिए जाएंगे उपकरण

चिन्हांकन और माप लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दूसरे चरण में विशेष वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित बच्चों को उनकी शारीरिक जरूरतों के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल से दिव्यांग विद्यार्थियों को पढ़ाई और रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *