प्रेम-प्रसंग बना खूनी विवाद? युवक के पिता की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरनगर15सितम्बर 2026/उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक सुरक्षा कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुढ़ाना मोड़ के पास की है, जहां मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे साइकिल से फैक्ट्री जा रहे 50 वर्षीय सुभाष की छाती में गोली मारी गई। करीब 10 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और मृतक की साइकिल भी कब्जे में ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले सुभाष का बेटा प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवती को लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने दोनों को बरामद किया था। युवक को जेल भेज दिया गया, जबकि युवती को मेरठ के नारी निकेतन भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में युवती पक्ष के लोगों पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी मृतक के स्वजन की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *