आयुष विभाग व जिला प्रशासन का संयुक्त प्रयास बस्तर में विशाल स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

597 ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क उपचार, 155 विद्यार्थियों ने सीखा योग

जगदलपुर, 8 सितम्बर 2026/ आयुष संचालनालय के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से सोमवार 7 सितंबर को बस्तर में विकासखंड स्तरीय विशाल आयुष स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप द्वारा भगवान धन्वंतरी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचल के नागरिकों तक समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कुल 597 हितग्राहियों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण का लाभ उठाया। शिविर के दौरान आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से वात, पित्त, स्त्री रोग, मधुमेह, उदर विकार एवं चर्म रोगों से पीड़ित मरीजों की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श व दवाइयां दी गईं। साथ ही आयुष विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों से बचाव एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु लगभग 370 लोगों को आयुष काढ़ा भी वितरित किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत शिविर में 52 नागरिकों का नेत्र परीक्षण कर 18 जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए, जबकि स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से 487 पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे एवं टीबी स्क्रीनिंग संपन्न की गई। इसके अतिरिक्त डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देते हुए शिविर स्थल पर ही 7 आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी तैयार की गईं। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ जागरूकता के उद्देश्य से योग प्रशिक्षिका अनीता साहू द्वारा 155 स्कूली विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए योगाभ्यास कराया गया। शिविर की सार्थकता तब और बढ़ गई जब एकीकृत महिला एवं बाल विकास, राजस्व, पशुपालन तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी उपस्थित रहकर आमजन को अपनी विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से सीधे लाभान्वित किया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष श्री संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान, जनपद सदस्य श्री लक्ष्मण मौर्य, ग्राम सरपंच श्री सुनील कश्यप, तहसीलदार श्री चंद्रकुमार साहू एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनीश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में प्रभारी डॉ. जितेन्द्र त्रिपाठी के साथ डॉ. महिंद्र साहू, डॉ. नित्यानंद भोई, डॉ. सौम्य रंजन पटनायक, डॉ. चितरंजन पाढ़ी, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. तरणी सेन बढ़ाई, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. सिद्धार्थ बैस, डॉ. जन्मय सिद्धार्थ, अमित सिंह तथा विभाग के समस्त फार्मासिस्टों व औषधालय सेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सहयोग से आयोजित इस शिविर ने ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *