आरंग के बीरबीरा गांव में हुई घटना, पुलिस, डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
रायपुर, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ग्राम बीरबीरा स्थित उनके घर में दोनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, दंपती की हत्या किसी धारदार और नुकीली वस्तु से किए जाने की आशंका है।
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय सदासी राम साहू और उनकी 62 वर्षीय पत्नी आसबाती के रूप में हुई है। दोनों गांव में रहकर अपनी करीब 10 एकड़ जमीन पर खेती-किसानी करते थे। उनके दो बेटे रायपुर में रहते हैं, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और वे अपनी ससुराल में रहती हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल ग्राम बीरबीरा पहुंची। मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। जांच दल ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।
ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के मुताबिक, पुलिस को रात करीब 12:30 बजे घर में बुजुर्ग दंपती के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में धारदार और नुकीली वस्तु से हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है।
परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।