बैंक में जमा हुआ ₹4.40 लाख का चेक, खाते में पहुंचने से पहले ही हो गया खेल! फर्जी साइन कर निकाल ली रकम

रायपुर5सितम्बर 2026/राजधानी में बैंकिंग सिस्टम को चकमा देकर ₹4.40 लाख की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। संपत्ति सौदे के बाद मिले अकाउंट पेयी चेक को बैंक में जमा कराया गया, लेकिन रकम खाते में आने के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति ने उसी चेक के जरिए नकद निकाल ली। मामले में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तात्यापारा निवासी आनंद कुसरे को संपत्ति के सौदे के तहत ₹4.40 लाख का चेक मिला था। उन्होंने 15 जुलाई को चेक बैंक ऑफ इंडिया की तात्यापारा शाखा में खाते में जमा कराने के लिए दिया। उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही रकम उनके खाते में पहुंच जाएगी।

लेकिन जब पैसे खाते में नहीं आए तो उन्होंने बैंक से जानकारी ली। यहां पता चला कि चेक बैंक में ही गायब हो चुका था। कुछ दिन बाद सामने आया कि इसी चेक के जरिए एसबीआई की संतोषीनगर शाखा से ₹4.40 लाख की पूरी रकम नकद निकाल ली गई।

मामले की जानकारी मिलने पर आनंद एसबीआई पहुंचे। बैंक रिकॉर्ड में चेक की तस्वीर और रकम निकालने वाले व्यक्ति के दस्तावेज सामने आए। शिकायत के मुताबिक, चेक पर जाली हस्ताक्षर किए गए और फर्जी पहचान दस्तावेज के सहारे रकम निकाली गई।

अब पुलिस इस पूरे फर्जीवाड़े की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। दोनों बैंकों के CCTV कैमरों की फुटेज, चेक और पहचान दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इन सुरागों के जरिए जल्द ही रकम निकालने वाले आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *