हिमाचल प्रदेश | 13 नवंबर 2026/हिमाचल प्रदेश में सर्दियों ने दस्तक दे दी है। रोहतांग पास और मढ़ी में आज सुबह से ताजा बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे पहाड़ों का नजारा पूरी तरह बदल गया। रोहतांग पास में करीब 4 से 5 इंच, जबकि मढ़ी में करीब 1 इंच बर्फ रिकॉर्ड की गई है।
बर्फबारी के चलते मढ़ी से रोहतांग पास की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। मनाली पुलिस के मुताबिक, फिलहाल केवल आपातकालीन वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति है।
यातायात को नियंत्रित करने के लिए गुलाबा बैरियर पर जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, जो वाहन पहले ही मढ़ी पहुंच चुके हैं, उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस मनाली की ओर भेजा जा रहा है।
ताजा बर्फबारी के बाद रोहतांग पास और आसपास का इलाका बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से पर्यटकों और वाहन चालकों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।