छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा चक्रवात ‘मुरासु’, 3-4 नवंबर को तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट

रायपुर, 2 नवंबर 2026। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में 3 और 4 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के तेज झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए प्रदेश के कई इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। राजधानी रायपुर में भी 2 नवंबर की शाम से आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं 3 और 4 नवंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी दिख सकता है असर

चक्रवाती प्रणाली का प्रभाव छत्तीसगढ़ के साथ दक्षिण ओडिशा में भी देखने को मिल सकता है। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

बारिश से किसानों की बढ़ सकती है परेशानी

मौसम में बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय प्रदेश के कई इलाकों में धान की कटाई और फसल की मिंजाई का काम चल रहा है। कुछ खेतों में धान की फसल अभी खड़ी है, जबकि कई जगह कटी हुई फसल खेतों में रखी हुई है। ऐसे में तेज हवा और बारिश से खड़ी फसल गिरने के साथ कटे हुए धान के भी भीगने और खराब होने की आशंका है।

अगले दो दिन किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसल और धान को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था करें। वहीं आम लोगों को भी तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *