समय पर कार्यभार नहीं संभालने पर कर्मचारी की पदोन्नति निरस्त, प्रतीक्षा सूची से शरीफ खान को मिला मौका

जगदलपुर, 29 अक्टूबर 2026। बस्तर संभाग में पदोन्नति के बाद निर्धारित समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण नहीं करना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। संभागीय आयुक्त कार्यालय ने सहायक अधीक्षक पद पर पदोन्नति निरस्त करते हुए प्रतीक्षा सूची के पहले क्रम के कर्मचारी शरीफ खान को पदोन्नति देने का आदेश जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर सहायक ग्रेड-02 से सहायक अधीक्षक के रिक्त पदों पर पदोन्नति आदेश जारी किए गए थे। सूची में दूसरे क्रम पर दर्ज आरपी यादव ने निर्धारित समय-सीमा में नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इसके बाद विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर प्रतीक्षा सूची के पहले क्रम के कर्मचारी को अवसर दिया गया।

आदेश के तहत उत्तर बस्तर कांकेर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 कर्मचारी शरीफ खान को सहायक अधीक्षक पद पर पदोन्नत कर कलेक्टर कार्यालय, बस्तर में अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। उन्हें आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समय में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर उनका पदोन्नति आदेश भी स्वतः निरस्त माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *