भिलाई, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार इलाके में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। खास बात यह है कि इतनी बड़ी रकम वाहन के पिछले हिस्से में बने एक गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाई जा रही थी। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप में भारी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर की ओर ले जाई जा रही है। इसके बाद सोमवार रात करीब 11 बजे डबरापारा क्षेत्र में वाहन की जांच की गई। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पिछले हिस्से में एक गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर भारतीय मुद्रा बरामद हुई, जिसकी गिनती करने पर कुल रकम 4 करोड़ रुपये निकली।
नकदी के स्रोत की जांच जारी
पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर उसमें सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। उनसे नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले की वित्तीय जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।