24 अक्टूबर 2026 | रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाओं को मजबूत करने के लिए छह परियोजना-सह-संसाधन केंद्रों के भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन ने इन भवनों के निर्माण के लिए कुल 2 करोड़ 70 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह मंजूरी महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से मिली है।
इन तीन जिलों में बनेंगे भवन
स्वीकृत भवन सूरजपुर जिले के भैयाथान और ओड़गी, रायगढ़ जिले के तमनार तथा बीजापुर जिले के बीजापुर, उसूर और भोपालपटनम में बनाए जाएंगे। प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 45 लाख 15 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।
पहली किस्त के रूप में 67.72 लाख रुपये जारी करने की सहमति
वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्माण कार्यों के लिए पहली किस्त के रूप में 67 लाख 72 हजार 500 रुपये जारी करने की सहमति दी गई है। इन केंद्रों के भवन बनने से विभागीय कार्यों के संचालन, कर्मचारियों के बीच समन्वय और योजनाओं की निगरानी में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
महिलाओं और बच्चों तक योजनाओं की पहुंच होगी मजबूत
महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, विकास तथा अधिकारों के संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का संचालन करता है। परियोजना-सह-संसाधन केंद्र इन योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नए भवनों से विभागीय गतिविधियों को व्यवस्थित करने और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में हितग्राहियों तक सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।
शासन ने स्पष्ट किया है कि अगली किस्त जारी करने के लिए पहली किस्त के उपयोग का प्रमाण-पत्र और निर्माण कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विवरण प्रस्तुत करना होगा। स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित नियमों और व्यय सीमा के अनुसार किया जाएगा।