रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में आगामी मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि छत्तीसगढ़ की उत्कृष्ट पहलों और उनके परिणामों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित समय-सीमा में जानकारी तैयार की जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना बैंक की पहल की सराहना
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक की पहल को विशेष रूप से सराहा गया। इस पहल के तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाता है। अब तक इस पहल के अंतर्गत एक लाख से अधिक खिलौने जमा किए जा चुके हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर विशेष ध्यान
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के सचिवों को शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और गुणात्मक सुधारों की जानकारी समय पर तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों की समीक्षा के साथ कार्यों की प्रगति और सुधारों की निगरानी पर भी चर्चा हुई।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों पर होगा मंथन
राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विकास की प्राथमिकताएं, आर्थिक विकास में खनन क्षेत्र की भूमिका, राज्य के वित्त को मजबूत बनाना, सुशासन में तकनीक का उपयोग तथा सड़क और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के उपायों पर विचार-विमर्श होगा।
इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण, गैर-कृषि कार्यों में उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा जैसे विषय भी चर्चा में शामिल रहेंगे।
बैठक में नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, लोक निर्माण, वाणिज्य एवं उद्योग, आवास एवं पर्यावरण, कौशल विकास, राजस्व, खेल एवं युवा कल्याण, आदिम जाति, जल संसाधन, स्वास्थ्य और गृह विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।