नुआखाई पर्व पर सीएम साय ने दी शुभकामनाएं, बोले- यह अन्नदाता के परिश्रम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का उत्सव

रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई फसल के स्वागत और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के पर्व नुआखाई के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने किसानों की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और प्रदेश के सभी परिवारों की खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नुआखाई छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नई फसल के आगमन की खुशी में मनाया जाने वाला यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार, अन्न के सम्मान और किसानों के अथक परिश्रम के प्रति आदर का भाव प्रकट करता है।

उन्होंने कहा कि खेतों में तैयार होने वाली नई फसल किसान की मेहनत के साथ-साथ प्रकृति की कृपा और कृषि प्रधान संस्कृति की समृद्धि का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रदेश के कई पर्व और लोक परंपराएं कृषि चक्र, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नुआखाई लोगों को अपनी मिट्टी, जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। यह पर्व परिवार और समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को भी मजबूत करता है। नई फसल की खुशियां जब मिलकर साझा की जाती हैं, तो लोक संस्कृति और अधिक जीवंत होती है।

मुख्यमंत्री साय ने कामना की कि प्रदेश पर प्रकृति की कृपा सदैव बनी रहे, किसानों के खेत हरे-भरे रहें और अन्न के भंडार भरते रहें। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली तथा समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा मजबूत होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *