माओवादियों के गुप्त जखीरे पर सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार, INSAS LMG समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

9जून2026

मलकानगिरी/बस्तर। ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मलकानगिरी जिले के माथिली थाना क्षेत्र अंतर्गत किरमिटी और कटुआपदर के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों का एक गुप्त ठिकाना ध्वस्त कर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली सूचना के आधार पर मलकानगिरी डीवीएफ और बीएसएफ की टीमों ने मंगलवार सुबह सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

बरामद सामग्री में एक INSAS लाइट मशीनगन (LMG), दो INSAS राइफल, दो टिफिन बम, आठ किलो का शक्तिशाली बम, एक ग्रेनेड, एके-47 की मैगजीन, 18 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर वायर, वायरलेस रिमोट स्विच, वॉकी-टॉकी, सोलर प्लेट, इलेक्ट्रिक वायर समेत अन्य सामग्री शामिल है।

मलकानगिरी पुलिस अधीक्षक विनोद पाटिल ने बताया कि बरामद हथियार और विस्फोटक आम नागरिकों तथा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए छिपाकर रखे गए थे। आशंका है कि यह जखीरा आंध्र-ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी के माओवादी कैडरों का था।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को माओवादियों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों पर बड़ा झटका माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *