जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या, 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार; लकड़ी का पट्टा बरामद

दंतेवाड़ा11सितंबर 2026/गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम समलूर में जादू-टोना करने के शक में करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को समलूर के उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मृतक के चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कठोर और कुंद वस्तु से चोट लगने के कारण मृत्यु की पुष्टि होने पर गीदम थाने में अपराध क्रमांक 76/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि मृतक पर कथित तौर पर जादू-टोना करने का शक किया जाता था। इसी बात को लेकर आरोपियों में उसके प्रति नाराजगी थी और कथित रूप से हत्या की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें तीन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में धनीराम भोगामी उर्फ मोटू (28), बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू (25) और मंगतू सोढ़ी (27), सभी निवासी ग्राम समलूर, शामिल हैं। तीनों को 11 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में गीदम थाना पुलिस के उप निरीक्षक शशिकांत यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक बिहारी राम, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *