नई दिल्ली, 8 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (Western Dedicated Freight Corridor) के तीन महत्वपूर्ण खंड भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा कई रेलवे परियोजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्गों और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री महाराष्ट्र के मुंबई पहुंचेंगे, जहां वे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। फेस्ट में डिजिटल भुगतान, वित्तीय समावेशन और नई तकनीकों के जरिए वित्तीय क्षेत्र को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में नीति निर्माता, नियामक, बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। फेस्ट का सातवां संस्करण मुंबई में 11 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री का यह दौरा गुजरात और महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ-साथ देश के डिजिटल और वित्तीय क्षेत्र को नई गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।