मानसून का फिर तांडव: 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड से असम तक तबाही; 15 से ज्यादा मौतें

नई दिल्ली। 2सितंबर 2026/दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर देश के बड़े हिस्से में सक्रिय हो गया है। इसके चलते उत्तराखंड से लेकर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों तक भारी बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में बारिश के साथ भूस्खलन और अन्य घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

उत्तराखंड में 11 लोगों की मौत

उत्तराखंड में भारी बारिश और उससे जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 3 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई है। कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।

गुवाहाटी में भूस्खलन से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

असम के गुवाहाटी में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन ने भी कहर बरपाया। यहां मलबे में दबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई।

19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने सक्रिय मानसून को देखते हुए 7 सितंबर तक हिमाचल प्रदेश और हरियाणा समेत कम से कम 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में भी मौसम बिगड़ा रहने का अनुमान है।

कई राज्यों में बढ़ सकती हैं मुश्किलें

मानसून की सक्रियता के कारण आने वाले दिनों में भारी बारिश, जलभराव, नदी-नालों के उफान और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इस हफ्ते हरियाणा से लेकर पूर्वोत्तर तक मानसून का असर देखने को मिलेगा। ऐसे में कई राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *