जगदलपुर 21सितंबर 2026/रायपुर से जगदलपुर के बीच परचून परिवहन से जुड़ी समस्याओं को लेकर बस्तर परिवहन संघ के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात की। जगदलपुर स्थित सर्किट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान संघ के अध्यक्ष प्रदीप पाठक सहित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने परिवहन व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को मंत्री के सामने रखा और समाधान की मांग की।
संघ अध्यक्ष प्रदीप पाठक ने बताया कि रायपुर के कुछ परचून ट्रांसपोर्टरों और गैरेज संचालकों द्वारा बस्तर के छोटे वाहन मालिकों पर वाहन की क्षमता से अधिक माल लादने, अतिरिक्त शुल्क वसूलने और अनलोडिंग के नाम पर भुगतान में कटौती किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। संघ का कहना है कि क्षमता से अधिक माल परिवहन कराने के बावजूद वाहन मालिकों को निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही भाड़ा दिए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
भाड़ा बढ़ाने की चर्चा पर संघ ने दी सफाई
बस्तर परिवहन संघ ने बाजार में परिवहन भाड़ा बढ़ाए जाने की चल रही चर्चाओं को भी खारिज किया। संघ ने स्पष्ट किया कि उसकी ओर से परिवहन भाड़े में किसी तरह की वृद्धि नहीं की गई है।
क्यू सिस्टम को लेकर भी उठाया मुद्दा
संघ पदाधिकारियों के मुताबिक बस्तर परिवहन संघ में 2000 से अधिक सदस्य हैं और सभी वाहन मालिकों को समान अवसर देने के लिए क्यू सिस्टम लागू किया गया है। संघ ने आरोप लगाया कि कुछ परचून ट्रांसपोर्टरों द्वारा अपनी गाड़ियों को क्यू सिस्टम से बाहर तत्काल लोडिंग की सुविधा दी जाती है, जबकि अन्य वाहन मालिकों को अपनी बारी आने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।
संघ ने परिवहन व्यवस्था में समानता, पारदर्शिता और सभी वाहन मालिकों को समान अवसर दिए जाने की मांग करते हुए मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। साथ ही इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर व्यवस्था को बेहतर बनाने का आग्रह किया गया।