वन पट्टाधारी और डुबान क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत: समर्थन मूल्य पर धान बेचने का पंजीयन शुरू

जगदलपुर, 28 जुलाई 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने इस बार वनाधिकार मान्यता पत्रधारी एवं डुबान क्षेत्र के उन नए किसानों को विशेष प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है, जिन्होंने पिछले वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन नहीं कराया था।
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदारों को नए किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के इच्छुक किसानों के लिए सबसे पहले खाद्य विभाग के पोर्टल पर फार्म आईडी बनाना अनिवार्य होगा। इसके लिए आधार कार्ड के अनुसार नाम, पिता या पति का नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, तहसील, गांव, खसरा या कम्पार्टमेंट नंबर तथा भूमि का कुल रकबा दर्ज कराया जाएगा।
इसके बाद किसानों का पंजीयन एग्रीस्टेक पोर्टल पर किया जाएगा। पंजीयन पूर्ण होने के पश्चात किसान अपनी संबंधित प्राथमिक कृषि साख समिति में भूमि एवं खसरे की मैपिंग कराकर यूनिक किसान कोड प्राप्त कर सकेंगे। इसी कोड के आधार पर किसान समर्थन मूल्य पर अपनी धान उपज का विक्रय कर पाएंगे।
जिला प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नए किसानों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर हार्डकॉपी एवं सॉफ्टकॉपी के माध्यम से खाद्य नियंत्रक कार्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *