कुम्हरावंड में 31 अगस्त को सजेगा ‘टैलेंट तिहार’: बस्तर की ग्रामीण प्रतिभाएं दिखाएंगी हुनर का जलवा

जगदलपुर, 30 अगस्त 2026। बस्तर के सुदूर वनांचलों और ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को नई पहचान और बड़ा मंच देने के उद्देश्य से 31 अगस्त को जिला स्तरीय ‘टैलेंट तिहार—प्रतिभा को पंख’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के सभागार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के सातों विकासखंडों से चयनित सर्वश्रेष्ठ बाल-कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

‘प्रतिभा को पंख’ थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम स्कूली विद्यार्थियों के लिए अपनी कला और रचनात्मकता को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में अध्ययनरत बच्चों को राज्य स्तर तक पहचान दिलाने की दिशा में यह आयोजन अहम माना जा रहा है।

कलेक्टर श्री आकाश छिकारा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन में समग्र शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्देश्य प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों को कला, संगीत और अभिनय के लिए एक साझा एवं सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

जिले के सातों विकासखंडों में आयोजित विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल करने वाले बाल-कलाकार अब जिला स्तरीय मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में बस्तर की लोक कला, संस्कृति, संगीत और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिलेगी।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा पहचान का मंच

‘टैलेंट तिहार’ केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी कला को व्यापक मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। सोमवार को होने वाला जिला स्तरीय आयोजन बच्चों के लिए अपनी प्रतिभा को नई उड़ान देने का यादगार अवसर बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *