नारायणपुर। 26जून2026/नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने नारायणपुर जिले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सलियों के हथियारों के बड़े डंप का पर्दाफाश किया है। ओरछा थाना क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद किए गए, जबकि छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के तोयामेटा जंगल से 24 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने भूमिगत छिपाए गए नक्सली डंप को सुरक्षित तरीके से रिकवर किया। बरामद हथियारों में एक इंसास रायफल, दो एसएलआर, दो .303 रायफल, दो 30-ओसी बंदूक, एक बीजीएल लॉन्चर, एक सिंगल शॉट बंदूक, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, मैगजीन, डेटोनेटर और बायोफेंग स्कैनर शामिल हैं।
अभियान के दूसरे चरण में तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि इस रकम का उपयोग नक्सली संगठन हथियार खरीदने, संगठन संचालन और अन्य गतिविधियों में करने वाला था।
एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि पिछले पांच दिनों में दो बड़े अभियानों में हथियारों और नकदी की बरामदगी नक्सलियों की सैन्य और आर्थिक क्षमता पर बड़ा प्रहार है। उन्होंने कहा कि जिले के संवेदनशील इलाकों में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि नक्सलियों के हथियार, विस्फोटक और आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।