जगदलपुर, 30 मई 2026।
बस्तर संभाग के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का शानदार अवसर उपलब्ध हुआ है। संभाग के सभी 41 शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में नए शैक्षणिक सत्र के लिए विभिन्न तकनीकी एवं रोजगारपरक ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अब ऑनलाइन आवेदन कर अपने बेहतर भविष्य की दिशा में पहला कदम बढ़ा सकते हैं।
आईटीआई में इस वर्ष कोपा (कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट), इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मैकेनिक डीजल, प्लंबर सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेडों में प्रवेश दिया जाएगा। ये ऐसे व्यवसाय हैं जिनकी मांग वर्तमान औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
संयुक्त संचालक तकनीकी शिक्षा (प्रशिक्षण) बस्तर संभाग के अनुसार प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 29 मई से प्रारंभ हो चुकी है। अभ्यर्थी 15 जून 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन विभाग के आधिकारिक पोर्टल cgiti.addmissions.nic.in के माध्यम से किए जा रहे हैं। संस्थानों में उपलब्ध सीटों और आरक्षण संबंधी विस्तृत जानकारी भी पोर्टल पर प्रदर्शित की गई है।
विभाग ने विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी होने पर अभ्यर्थी संबंधित शासकीय आईटीआई संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा पोर्टल पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से भी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
तकनीकी शिक्षा के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने की यह पहल बस्तर क्षेत्र के कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
आईटीआई में प्रवेश का सुनहरा मौका, बस्तर के युवाओं के लिए खुले रोजगार के नए रास्ते