26मार्च2026
कांकेर जिले में नक्सलियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला लगातार जारी है। उइकाटोला के घने जंगलों से 5 हथियारबंद नक्सली मुख्यधारा में लौटने के लिए सामने आए हैं और वे कांकेर एसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण करेंगे। जानकारी के अनुसार इन नक्सलियों के पास SLR और .303 रायफल जैसे हथियार हैं। आत्मसमर्पण करने वालों में ACM मंगेश, ACM गणेश उइका, ACM राजे, ACM हिड़मे उर्फ जमाली और ACM मंगती शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इन नक्सलियों के समर्पण के बाद कांकेर जिले का मोहला-अवंधी संयुक्त एरिया कमेटी लगभग नक्सल मुक्त होने की दिशा में बढ़ेगी। हाल ही में बड़े नक्सली कमांडर पापा राव के आत्मसमर्पण के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों और प्रशासन की पहल का असर लगातार दिख रहा है और नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
कांकेर जिले में पिछले कुछ समय से नक्सलियों के आत्मसमर्पण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। फरवरी 2026 में बड़ी कार्रवाई के तहत डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) माओवादी मलेश और महिला नक्सली मासे बारसा ने बीएसएफ और कांकेर पुलिस के सामने AK-47 राइफल के साथ पुलिस अधीक्षक निखिल रखेचा के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
इससे पहले दिसंबर 2025 में 23 लाख रुपये के इनामी चार खूंखार माओवादियों ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की थी। वहीं अक्टूबर 2025 में कांकेर जिले में 13 वरिष्ठ कैडरों सहित कुल 21 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिन्होंने AK-47, इंसास और SLR जैसे 18 हथियार सुरक्षा बलों को सौंपे थे।
सरेंडर के मुख्य कारण:
छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर माओवादी मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
बस्तर आईजी पी. सुन्दरराज की अपील का असर देखने को मिल रहा है।
लगातार चल रहे ऑपरेशन और सुरक्षा बलों के दबाव से नक्सली संगठन कमजोर हो रहा है।