PET परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा, 269 छात्र देंगे एग्जाम — ढाई घंटे पहले पहुँचना अनिवार्य

जगदलपुर, 06 मई 2026।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित होने वाली पीईटी प्रवेश परीक्षा के लिए जगदलपुर में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 269 परीक्षार्थी अपने भविष्य की परीक्षा देने पहुंचेंगे। यह परीक्षा आगामी गुरुवार 14 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है।
प्रवेश के दौरान परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्र का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो से संबंधित किसी प्रकार की त्रुटि है, उन्हें अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाना जरूरी होगा।
व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ड्रेस कोड भी सख्ती से लागू किया गया है। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनकर ही परीक्षा हॉल में प्रवेश मिलेगा। वहीं, घड़ी, मोबाइल फोन, जूते-मोजे, बेल्ट और किसी भी प्रकार के आभूषण जैसे बाली या झुमके पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को इस परीक्षा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव और सहायक समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर परीक्षा के सफल संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण मिले, जिससे वे बिना किसी तनाव के अपनी परीक्षा दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *