2मई 2026
बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र ले जाई जा रही गांजा की खेप को पुलिस ने धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से करीब 10 किलो 952 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 47 हजार 600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद की गई, जिससे कुल जब्ती की राशि 5 लाख 56 हजार रुपये से अधिक पहुंच गई।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि आरोपी उड़ीसा से टैक्सी के जरिए सीमा तक पहुंचे थे और वहां से आगे जगदलपुर होते हुए महाराष्ट्र जाने की फिराक में थे। उनके पास मौजूद पीले रंग के बैग की तलाशी लेने पर गांजा के पैकेट बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इस मादक पदार्थ को चंद्रपुर, महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
बस्तर पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से अंतर्राज्यीय नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।