बिलासपुर | 31 जनवरी 2026
शिक्षकों के वेतन सत्यापन, पेंशन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण एवं ट्रेजरी में लंबित बिलों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने संभागीय कार्यालय पेंशन, कोष एवं लेखा बिलासपुर में अधिकारियों से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। बैठक के बाद अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ संभाग बिलासपुर का प्रतिनिधि मंडल उप प्रान्ताध्यक्ष गिरिजाशंकर शुक्ला के नेतृत्व में संयुक्त संचालक नित्यानंद सिन्हा एवं उप संचालक श्री तिर्की से मिला। बैठक का उद्देश्य शिक्षक संवर्ग से जुड़ी वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना रहा।
वेतन सत्यापन को लेकर गंभीर चिंता
प्रतिनिधि मंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं में वेतन निर्धारण का सत्यापन अत्यंत जटिल और समयसाध्य प्रक्रिया बन चुका है। सत्यापन की धीमी गति के कारण हजारों शिक्षक मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।
संघ ने बताया कि प्रत्येक विकासखंड में शिक्षकों की संख्या हजारों में है, ऐसे में जिला या संभाग स्तर पर सत्यापन करना व्यावहारिक नहीं है। इस समस्या के समाधान हेतु विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजित करने की मांग रखी गई, ताकि प्रक्रिया सरल, सुगम और पारदर्शी बन सके।
पेंशन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण की मांग
संघ ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन प्रकरणों में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कई मामलों में शिक्षकों को महीनों तक पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभ के लिए भटकना पड़ता है। प्रतिनिधि मंडल ने पेंशन प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से निपटाने की मांग की, ताकि सेवानिवृत्त शिक्षक किसी प्रकार की परेशानी से बच सकें।
ट्रेजरी में लंबित बिलों पर भी चर्चा
बैठक में ट्रेजरी में शिक्षकों से संबंधित बिलों के अकारण लंबे समय तक लंबित रहने का विषय भी उठाया गया। संघ ने कहा कि कई बार सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बावजूद बिलों को बिना स्पष्ट कारण के रोके रखा जाता है, जिससे वेतन और एरियर भुगतान में अनावश्यक विलंब होता है।
अधिकारियों का आश्वासन
सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संयुक्त संचालक नित्यानंद सिन्हा ने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं में वेतन सत्यापन को लेकर किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कार्यालय स्तर पर विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी, प्रक्रिया को सरल किया जाएगा और कार्य की सतत निगरानी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अमले में बदलाव कर कार्य में तेजी लाई जाएगी।
बैठक के बाद शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई कि इन प्रयासों से शिक्षकों को शीघ्र राहत मिलेगी और लंबित मामलों का जल्द समाधान होगा।