पिता ने थाने में दी तहरीर, दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
उत्तर प्रदेश 6नवंबर 2026/कौशांबी जिले के पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदरी गांव में शुक्रवार, 6 नवंबर को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने मृतका के पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के पिता रामभवन के अनुसार, करीब 10 साल पहले उनकी बेटी की शादी मंदरी गांव निवासी सुमन कुमार उर्फ भैयालाल से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के समय अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था।
शुक्रवार को बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद रामभवन पुरामुफ्ती थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति ने की है और दहेज को लेकर विवाद भी था। पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुरामुफ्ती थाना पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।