जगदलपुर 10सितम्बर 2026/बस्तर जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सरगीपाल स्थित नीलगिरि प्लाट के पास का है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते, 2,760 रुपये नगद, 7 पुराने टच स्क्रीन मोबाइल और 2 पुरानी मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 84 हजार 760 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरगीपाल के नीलगिरि प्लाट के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां 8 लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए। पूछताछ में उनकी पहचान पदलाम बघेल, सुकराम नाग, सामसेन बघेल, लछीन नाग, सुंदर बघेल, सहदेव बघेल, लोकनाथ कश्यप और परमेश्वर जोशी के रूप में हुई।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। बस्तर पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।