नशे को कहें ‘ना’, विकसित भारत के लिए युवा निभाएं बड़ी भूमिका” — PM मोदी के अभियान में मंत्री लखनलाल देवांगन का आह्वान

रायपुर/कोरबा, 4 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कोरबा के शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। पीएम मोदी ने देशभर के युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि “नशा जीवन को खोखला कर देता है। यह व्यक्ति की तरक्की और परिवार दोनों को बर्बाद कर देता है।” उन्होंने युवाओं से संकल्प, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा स्वयं के साथ समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशामुक्त होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देगा।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नशे के कारण परिवार टूट रहे हैं और अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की अपील की। इस दौरान सभी उपस्थित युवाओं को नशामुक्त जीवन की शपथ भी दिलाई गई।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “नशे को ‘ना’ कहें और जिंदगी को ‘हाँ’।” उन्होंने बताया कि गलत संगति और परिस्थितियां लोगों को नशे की ओर ले जाती हैं, इसलिए शुरुआत से ही इससे दूरी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में ‘माय भारत फॉर युवा’ अभियान के तहत 58 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 32 हजार से अधिक युवा अभियान से जुड़ चुके हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए जागरूकता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *