बस्तर पुलिस में करोड़ों का वेतन घोटाला! वेतन शाखा के तीन कर्मचारी गिरफ्तार, जांच में और बड़े खुलासे के संकेत

जगदलपुर, 1 जुलाई2026/बस्तर पुलिस विभाग में करोड़ों रुपये के कथित वेतन घोटाले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विभाग की वेतन शाखा में पदस्थ तीन कर्मचारियों पर पिछले दो वर्षों के दौरान वेतन और लोन के नाम पर फर्जी भुगतान कर सरकारी राशि का गबन करने का आरोप है। शुरुआती जांच में करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। मामले का खुलासा होते ही पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नियमित ऑडिट के दौरान वेतन भुगतान में गड़बड़ी सामने आने पर विभाग ने जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि वेतन और लोन संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर कर सरकारी धन का फर्जी तरीके से भुगतान किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रैंक के अधिकारी को विस्तृत जांच सौंपी गई।
बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वित्तीय गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद वेतन शाखा में पदस्थ गिरीश राय, राजकुमार कतलम और हेमंत मैथ्यू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी ने बताया कि जांच अभी जारी है और इस घोटाले में अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता की भी आशंका है। संदिग्ध कर्मचारियों की सूची तैयार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर गबन की राशि बढ़ सकती है और मामले में कुछ और नाम भी सामने आ सकते हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की आंतरिक वित्तीय निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। विभाग अब पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *